KCGपॉलिटिक्स

नगर पालिका चुनाव में जीत के लिए भाजपा ने कसी कमर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नगर पालिका चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला भाजपा कार्यालय में मंडल भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व संसदीय सचिव एवं खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव प्रभारी लाभचंद बाफना ने कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की और वार्डवार संगठन की स्थिति की समीक्षा की। बैठक को संबोधित करते हुए लाभचंद बाफना ने कहा कि खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और पार्टी को हर हाल में विजय हासिल करनी है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के परिणाम पर पूरे प्रदेश की नजर रहेगी। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच पहुंचने तथा उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। बाफना ने वार्डवार कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पार्टी द्वारा सौंपे गए कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में ‘एक दीया देश के नाम’ कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही वार्ड प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की जाएगी।

चुनाव सह-प्रभारी एवं बेमेतरा के पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि नगर पालिका चुनाव के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरना है। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में सफलता के लिए मजबूत संगठन बेहतर रणनीति और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आज से ही चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि खैरागढ़ नगर में हुए विकास कार्य भाजपा सरकार की उपलब्धियों को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव भाजपा सरकार के विकास और जनहितकारी कार्यों पर जनता की मुहर लगाने का अवसर है। नगर के निरंतर विकास के लिए जनता एक बार फिर भाजपा के पक्ष में अपना विश्वास व्यक्त करेगी।

डॉ. बिशेसर साहू ने कहा कि अब चुनावी तैयारियों को और गति देने का समय आ गया है। कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाएं। वहीं घम्मन साहू ने कहा कि आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोजित यह बैठक संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा चुनाव प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ भी चुनावी तैयारियों को नई गति प्रदान करेगा। बैठक का संचालन ऋषि सिंह ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कोमल जंघेल, शशांक ताम्रकार, जैनेन्द्र जंघेल, दिनेश वर्मा, गिरजा चन्द्राकर, नीलिमा गोस्वामी, उमा चौबे, आयश सिंह, अनिल अग्रवाल, विकेश गुप्ता, शैलेन्द्र त्रिपाठी, गोरेलाल वर्मा, रामाधार रजक, अयूब सोलंकी, विनय देवांगन, महेश गिरी, कमलेश कोठले, हर्षवर्धन वर्मा, कीर्ति वर्मा, अनीश सिंह, वन्दना टांडेकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page