KCG

दानवीर स्व.विजय लाल चोपड़ा की मूर्ति का अमलीपारा स्कूल में हुआ अनावरण

खैरागढ़। शहर के अमलीपारा स्थित स्व.विजय लाल चोपड़ा हाई स्कूल परिसर में शुक्रवार को दानवीर स्व.विजय लाल चोपड़ा की मूर्ति का अनावरण किया गया। इस अवसर पर समग्र शिक्षा अंतर्गत करीब 7 लाख रुपए की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष एवं 3.20 लाख रुपए के सायकिल स्टैंड का लोकार्पण, कक्षा 9वीं की 26 छात्राओं को सरस्वती सायकिल वितरण, मेधावी छात्राओं का सम्मान और वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत केसीजी उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने की। मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह सहित अतिथियों ने मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद स्व.विजय लाल चोपड़ा की मूर्ति का अनावरण किया गया। कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाली छात्राओं गरिमा सिन्हा, रितानी यादव एवं प्रतिज्ञा रजक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी। स्कूल परिसर में फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे भी लगाए गए।*

विक्रांत सिंह ने कहा कि बच्चों की बेहतर शिक्षा और सुविधा के लिए स्व.विजय लाल चोपड़ा ने वर्ष 1989 में स्कूल के लिए करीब पांच एकड़ बेशकीमती जमीन दान की थी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह से स्कूल का नाम स्व.विजय लाल चोपड़ा के नाम पर करने की मांग की थी जिसके बाद विद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के चार मंत्र बताते हुए अनुशासन, अच्छा व्यवहार, एकाग्रता के साथ मेहनत और असफलता से न घबराने की सीख दी साथ ही कहा कि स्कूल के उन्नयन के लिए जल्द मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से मुलाकात कर शासन स्तर पर प्रयास किया जाएगा।

जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कमलेश कोठले ने कहा कि स्कूल में पानी, अतिरिक्त कक्ष और सायकिल स्टैंड सहित जरूरी मांगें पूरी हो चुकी हैं। अब स्कूल के उन्नयन के लिए प्रयास किया जाना है। प्राचार्य सुनील गुनी ने शालेय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय वर्ष 1989 से संचालित है और यहां का परीक्षा परिणाम लगातार बेहतर रहा है। उन्होंने स्कूल के उन्नयन के साथ शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए शौचालय, डोम एवं सांस्कृतिक मंच के विस्तार की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य व समाजसेवी घम्मन साहू, रश्मि देवी महाविद्यालय अध्यक्ष विकेश गुप्ता, बख्शी स्कूल अध्यक्ष शशांक ताम्रकार, कन्या शाला अध्यक्ष आलोक श्रीवास, स्कूल के संस्थापक सदस्य अंकित चोपड़ा, पूर्व नपा अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, पूर्व नपा उपाध्यक्ष रामाधार रजक सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। संचालन व्याख्याता अरविंद बंजारे ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page