KCG

बैगा बसाहट सर्वे के लिए प्रथम चरण का प्रशिक्षण सम्पन्न

छुईखदान। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) अंतर्गत बैगा बसाहट परिवारों के सर्वेक्षण को लेकर जिले में प्रथम चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद पंचायत छुईखदान के सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में 47 बैगा परिवारों के सटीक डाटा संकलन पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य इन परिवारों की सामाजिक आर्थिक एवं शैक्षणिक स्थिति का व्यवस्थित आंकलन कर शासकीय योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक सुनिश्चित करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान सर्वेक्षण दल को परिवारवार जानकारी संकलन की प्रक्रिया प्रपत्र भरने के तरीके तथा आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर ने बताया कि सर्वे में तथ्यात्मक और प्रमाणिक जानकारी बेहद जरूरी है ताकि भविष्य की योजनाओं के निर्माण में इसका प्रभावी उपयोग किया जा सके। सर्वेक्षण के तहत विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों जैसे मनरेगा जॉब कार्ड राशन कार्ड आधार कार्ड मतदाता परिचय पत्र बैंक पासबुक आयुष्मान कार्ड, सिकलसेल कार्ड, पेंशन, उज्ज्वला योजना आदि की जानकारी सर्वे सेतु एप में दर्ज करने की प्रक्रिया को प्रोजेक्टर के माध्यम से समझाया गया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत छुईखदान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी केश्वरी देवांगन ने सर्वेक्षण कार्य को जिम्मेदारीपूर्वक और गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए। क्षेत्र संयोजक बोधन जोशी ने भी सर्वेक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे पीवीटीजी समुदाय के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत स्तर के सर्वे दल के सदस्य छात्रावास अधीक्षक पंचायत सचिव आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बीट गार्ड उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page