Uncategorized

डबल इंजन सरकार में छत्तीसगढ़ उपेक्षित, बजट से मिली केवल निराशा- गुलशन तिवारी

सत्यमेव न्यूज उदयपुर। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए आम बजट को लेकर युवा कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गुलशन तिवारी ने कहा कि तथाकथित डबल इंजन की सरकार के तमाम दावों के बावजूद छत्तीसगढ़ को एक बार फिर नजरअंदाज किया गया है। गुलशन तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश की आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कोयला, बिजली, लौह अयस्क, स्टील, सीमेंट और कृषि उत्पादन में राज्य का बड़ा योगदान है लेकिन इसके बावजूद केंद्रीय बजट में राज्य के विकास के लिए कोई ठोस घोषणा नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब देश की औद्योगिक और ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ से पूरा होता है तो यहां के लोगों को उसका सीधा लाभ क्यों नहीं मिल रहा। न तो कोई विशेष आर्थिक पैकेज दिया गया और न ही नई औद्योगिक परियोजनाओं की घोषणा की गई। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों किसानों और श्रमिक वर्ग के लिए बजट में किसी स्पष्ट योजना का अभाव बेहद चिंताजनक है। इससे यह साफ होता है कि केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में छत्तीसगढ़ शामिल नहीं है। गुलशन तिवारी ने कहा कि छत्तीसगढ़ को केवल संसाधनों का भंडार समझना गलत सोच है। संसाधन देने वाले राज्यों को यदि सम्मान और उनका हक नहीं मिलेगा तो विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल नारा बनकर रह जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब पूरी तरह जागरूक है। समय आने पर जनता लोकतांत्रिक तरीके से इस उपेक्षा और अन्याय का जवाब जरूर देगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page