
जिला मुख्यालय खैरागढ़ की टीम बनी विजेता

खिलाड़ियों व विद्यार्थियों को बैग और छाते वितरित किए
सत्यमेव न्यूज गंडई। केसीजी पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम टेमरी (नवागांव) में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कर ग्रामीणों और पुलिस के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने का प्रयास किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की आठ टीमों ने हिस्सा लिया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साह के साथ आयोजन में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम, रक्षित निरीक्षक के. देव राजू तथा थाना प्रभारी गातापार राजकुमार महिलांगे उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले के बाद पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में खैरागढ़ की टीम ने प्रथम, गाड़ाघाट की टीम ने द्वितीय तथा लिमऊटोला की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को नगद पुरस्कार, मोमेंटो, बैग तथा अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वर्षा ऋतु को देखते हुए दैनिक उपयोग के लिए छाते और बैग भी वितरित किए गए। सामग्री प्राप्त कर ग्रामीणों और बच्चों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं में अनुशासन नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को भी मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम में टेमरी सहित आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधि, सरपंच, ग्राम पटेल, महिला-पुरुष, युवा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल को समाज में सद्भाव और जनसहभागिता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया है।

