
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान थोड़ी-सी असावधानी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है इसलिए सभी लोग सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें। कलेक्टर ने कहा कि नदी नालों और जलप्रपातों के आसपास पिकनिक मनाने सेल्फी लेने या बाढ़ का दृश्य देखने के लिए जाना जोखिम भरा हो सकता है। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से बचें और विशेष रूप से युवाओं से जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार करने की अपील की गई है। वहीं अभिभावकों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने का आग्रह किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी जलमग्न पुल पुलिया और रपटों से होकर आवागमन नहीं करने की सलाह दी गई है। यदि किसी मार्ग पर पानी बह रहा हो तो जलस्तर कम होने तक सुरक्षित स्थान पर प्रतीक्षा करें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। प्रशासन के अनुसार जिले में पुलिस नगर सेना राजस्व तथा आपदा प्रबंधन की टीमें पूरी तरह सतर्क हैं। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल तैयार हैं। कलेक्टर ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने अफवाहों से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ संबंधी सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा बाढ़ नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका सतर्कता सावधानी और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना है।
