

बोर्ड परीक्षा की तैयारी और स्वास्थ्य योजनाओं की हुई समीक्षा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े आवेदनों का निराकरण तय समय-सीमा में किया जाए तथा नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग की तैयारियों का जायजा लेते हुए कलेक्टर ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छ पेयजल निर्बाध विद्युत आपूर्ति पर्याप्त बैठने की सुविधा और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही परीक्षा अवधि में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण एवं वितरण की गोपनीयता बनाए रखने तथा संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड वय वंदन कार्ड और आभा आईडी बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर लाभ मिल सके। इसके साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन कराने और प्रसव पूर्व जांच की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए मैदानी अमले की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया। बैठक में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित लखपति दीदी योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने हितग्राही महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए स्वरोजगार गतिविधियों के विस्तार उत्पादों के बेहतर विपणन बैंकिंग सहयोग और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विभागों को अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।