
35 प्रतिशत तक मिलेगा अनुदान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर संचालित एवं नई स्थापित होने वाली खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। योजना अंतर्गत आटा चक्की, मसाला पिसाई, टोस्ट निर्माण, बड़ी निर्माण, कुल्फी, आइसक्रीम, मिठाई, चिक्की निर्माण सहित अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के साथ साथ पशु चारा एवं मुर्गी चारा निर्माण इकाइयों की स्थापना या आधुनिकीकरण के लिए परियोजना लागत का अधिकतम 35 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रावधान किया गया है। इस योजना का प्रमुख उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करना तथा सूक्ष्म खाद्य उद्योगों को संगठित और सुदृढ़ स्वरूप प्रदान करना है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक आवेदकों को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन के लिए अधिकृत पोर्टल https://pmfme.mofpi.gov.in/pmfme/#/login पर पंजीयन किया जा सकता है। आवेदन के साथ आधार कार्ड पैन कार्ड बैंक पासबुक के पिछले छह माह का विवरण कोटेशन तथा राशन कार्ड की प्रति अपलोड करना आवश्यक होगा। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र खैरागढ़ छुईखदान गण्डई भू-तल, गीता कॉम्प्लेक्स, साईं मंदिर के पास कवर्धा रोड, खैरागढ़ में कार्यालयीन समय के दौरान प्राप्त की जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए अर्जुन कुमार साहू से भी संपर्क किया जा सकता है।
