KCGपॉलिटिक्स

जिले में अवैध शराब को लेकर युवा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, एसपी से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते अवैध शराब कारोबार को लेकर युवा कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष गुलशन तिवारी के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि उदयपुर, बाजार अतरिया, गभरा, बुंदेली और सूराडबरी समेत कई गांवों में खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है। इससे गांवों का माहौल लगातार बिगड़ रहा है और आम लोगों खासकर महिलाओं व युवतियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शाम होते ही कई स्थानों पर शराब बेचने वालों की भीड़ लग जाती है जहां आए दिन विवाद मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बाजार अतरिया क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में शराब की अवैध सप्लाई हो रही है। वहीं उदयपुर गांव में कई लोग छोटे स्तर पर शराब बेचने के धंधे में शामिल हैं जो अलग-अलग माध्यमों से शराब लाकर गांव में संग्रहित कर बेच रहे हैं। ज्ञापन में पुलिस विभाग के एक कर्मचारी पर भी अवैध कारोबारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया। संगठन का कहना है कि कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जा रही है जबकि अवैध कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। युवा कांग्रेस ने यह भी बताया कि इससे पहले ग्रामीणों द्वारा सामूहिक शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। संगठन के अनुसार जालबांधा परपोड़ी और गंडई क्षेत्र से शराब की अवैध आपूर्ति कई गांवों तक पहुंच रही है। वहीं गभरा क्षेत्र में महुआ शराब का कारोबार भी खुलेआम संचालित हो रहा है। संगठन ने मांग की है कि अवैध शराब बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान चलाकर गिरफ्तारी की जाए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी टीम गठित की जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान अनिमेष सिंह, गुलशन तिवारी, अमन सोनी, गौकरण जंघेल, गौकरण वर्मा, संजय जंघेल सहित युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page