KCG

ज्ञानभारत मिशन के तहत जिले में राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान शुरू

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में ज्ञानभारत मिशन के अंतर्गत राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अभियान के तहत आगामी तीन माह के भीतर जिले में पाण्डुलिपियों के संभावित केंद्रों का चिन्हांकन और सर्वेक्षण पूरा किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्राचीन ज्ञान साहित्य और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी पाण्डुलिपियों का पता लगाकर उनका व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करना है।
इस सर्वेक्षण में संस्कृत महाविद्यालय शासकीय व निजी पुस्तकालय संग्रहालय शिक्षण एवं शोध संस्थान, संस्कृत पाठशालाएं, मंदिर, मठ, आश्रम, गुरुकुल, ट्रस्ट, निजी संग्रहकर्ता सहित संस्कृत एवं प्राचीन भाषाओं से जुड़े विद्वानों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा पुरोहित धर्माचार्य ज्योतिषाचार्य और आयुर्वेदाचार्य जैसे पारंपरिक ज्ञान से जुड़े व्यक्तियों की जानकारी भी एकत्र की जाएगी। सर्वेक्षण कार्य GYAN BHARTAM MOBILE APP के माध्यम से किया जाएगा जो गूगल प्ले स्टोर पर निःशुल्क उपलब्ध है। इसी ऐप के जरिए जिले भर में पाण्डुलिपियों से संबंधित सूचनाएं संकलित की जाएंगी। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं। इनमें पवन ददरिया आत्माराम साहू, शिरिष कुमार पाण्डेय, हासिल खान और मनोज साहू शामिल हैं। ये सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से ग्राम पंचायत सचिवों को सर्वेक्षण की प्रक्रिया ऐप के उपयोग और जानकारी संकलन की विधि से अवगत कराएंगे। प्रशासन की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि सभी नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स 14 दिनों के भीतर जिले के सभी ग्राम पंचायत सचिवों का प्रशिक्षण पूर्ण करें और इसकी रिपोर्ट जिला पंचायत कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page