KCG

निजी वाहन चालकों के सम्मान में पहली बार सजा खैरागढ़, मेडिकल कैंप में हुई स्वास्थ्य जांच

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस के अवसर पर खैरागढ़ में पहली बार जिला ड्राइवर यूनियन संघ द्वारा ड्राइवरों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ.भीमराव आंबेडकर की स्थापित प्रतिमा के पास आंबेडकर चौक में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में ड्राइवर शामिल हुए। अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन व नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल रज्जाक खान सहित अतिथि मौजूद रहे हैं। आयोजन के दौरान ड्राइवरों के लिए विशेष मेडिकल कैंप लगाया गया जिसमें स्वास्थ्य जांच हुई वहीं लंबे समय से सेवाएं दे रहे वरिष्ठ एवं अनुभवी ड्राइवरों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ड्राइवरों के स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। भागवत शरण सिंह ने कहा कि ड्राइवर केवल वाहन नहीं चलाते बल्कि विकास की गति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके हाथों में वाहन की स्टेयरिंग के साथ हजारों परिवारों की उम्मीदें भी होती हैं। गर्मी, बारिश और विपरीत परिस्थितियों में लगातार सेवाएं देने वाले ड्राइवरों का सम्मान श्रम, संघर्ष और जिम्मेदारी का सम्मान है।

कार्यक्रम के मुख्य सूत्रधार जिला ड्राइवर यूनियन संघ के अध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक-4 राजफैमली वार्ड के पार्षद सुमित टांडिया रहे। उनकी पहल पर खैरागढ़ में पहली बार राष्ट्रीय ड्राइवर दिवस के अवसर पर इस तरह का आयोजन किया गया। सम्मान के साथ ड्राइवरों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष रज्जाक खान, पार्षद पुरुषोत्तम वर्मा, दिलीप लहरे, चंद्रशेखर यादव, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा गोस्वामी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.अरुण भारद्वाज, समाजसेवी प्रदीप अग्रवाल, मंगल सारथी, पूर्व पार्षद प्रीति यादव, कांग्रेस नेता यतेंद्रजीत सिंह छोटू, युवा कांग्रेस नेता शेखर दास वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला ड्राइवर यूनियन संघ के अंकित सिंह अंकू, मनोज यादव, दीपक यादव, राकेश वर्मा, जुनेद खान, राजकुमार, सौरभ नगारे, विजय, कोमल, पोषण, अजय, राहुल, उत्तम व नरोत्तम सहित बड़ी संख्या में ड्राइवर साथी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने ड्राइवरों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। ड्राइवर साथियों ने आयोजन के लिए जिला ड्राइवर यूनियन संघ के अध्यक्ष सुमित टांडिया और उनकी टीम का आभार जताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page