

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। जनगणना 2027 के पहले चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ को लेकर नगर पंचायत गंडई में प्रगणक और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण रविवार से प्रारंभ हुआ। शासन के निर्देशानुसार 16 अप्रैल से 30 मई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत 19 से 21 अप्रैल तक स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रथम दिवस के सत्र में नगर चार्ज अधिकारी अविनाश देवांगन मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने उपस्थित प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रगणकों को घर-घर जाकर प्रत्येक मकान की विस्तृत जानकारी दर्ज करनी होगी जिसमें मकान की स्थिति उपलब्ध सुविधाएं और अन्य मूलभूत जानकारियां शामिल हैं। उन्होंने सभी से निष्ठा और गंभीरता के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड मास्टर ट्रेनर पवन कुमार ददरिया प्राचार्य सेजेस गंडई और त्रिभुवन चंद्राकर व्याख्याता सेजेस साल्हेवारा ने मकान सूचीकरण की प्रक्रिया स्व-गणना की कार्यप्रणाली प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की भूमिका एवं उत्तरदायित्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही भवनों की पहचान जनगणना मकानों की संख्या निर्धारण नजरिया नक्शा तैयार करने और प्रश्नावली भरने की विधि समझाई गई। प्रशिक्षकों ने प्रगणकों को निर्देशित किया कि गणना के दौरान आम नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण और व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाएं ताकि जनगणना कार्य सुचारू और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
