KCG

भाजयुमो की जिला स्तरीय बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की महत्वपूर्ण जिला बैठक रविवार को जिला भाजपा कार्यालय, पिपरिया खैरागढ़ में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों, ‘ज्वाइन BJYM’ अभियान और तिरंगा यात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा कर रणनीति तैयार की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष बिसेसर साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजयुमो प्रभारी मोनू बहादुर सिंह और सहप्रभारी अशोक वर्मा ने मार्गदर्शन दिया। वरिष्ठ नेताओं ने युवा कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा भाजपा की युवा शक्ति का महत्वपूर्ण आधार है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। ‘ज्वाइन BJYM’ अभियान के माध्यम से युवाओं तक पहुंच बढ़ाने तथा तिरंगा यात्रा सहित अन्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ और मंडल स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष आयश सिंह बोनी, जिला महामंत्री ललित चोपड़ा, ऋषभ सिंह, प्रेमसागर गुप्ता एवं विक्रांत चंद्राकर सहित जिला पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री तथा बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में भाजयुमो जिला अध्यक्ष आयश सिंह बोनी ने वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। बैठक का संचालन जिला भाजयुमो महामंत्री प्रेमसागर गुप्ता ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page