
शटर की खराबी की जानकारी से रची 44 लाख की चोरी की साजिश, नागपुर से बुलाए साथी
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पांच दिन में खुलासा
22.6 किलो चांदी, सोना और एक्टिवा समेत 44.75 लाख का माल बरामद
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़/छुईखदान। छुईखदान के जैन मोहल्ले में सराफा दुकान का शटर तोड़कर चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का पुलिस ने पांच दिन में खुलासा कर दिया है। साइबर सेल केसीजी और थाना छुईखदान की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों महेन्द्र साहू (26), अक्षय गुरूवे (21) और अनिकेत मेश्राम (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा समेत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये का माल बरामद किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुकान के शटर की खराबी सुनकर बनाया चोरी का प्लान
पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 08 जैन मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय शांति लाल जैन ने 14 अगस्त को थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की रात करीब 2 से 4 बजे के बीच अज्ञात आरोपियों ने दुकान का शटर तोड़कर पुराने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए आभूषणों का वजन करीब 20 से 25 किलो बताया गया था। रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान महेन्द्र साहू पर संदेह गहराया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की पूरी योजना और वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक वारदात से पहले महेन्द्र साहू दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान उसने दुकान संचालक को शटर में खराबी होने और उसकी मरम्मत कराए जाने की बात करते सुना। महेन्द्र ने इसी जानकारी को चोरी की योजना का आधार बनाया। इसके बाद वह 9 अगस्त को नागपुर गया और वहां अपने साथी अक्षय गुरूवे तथा अनिकेत मेश्राम को दुकान और शटर की खराबी के बारे में बताया।

नागपुर से एक्टिवा लेकर पहुंचे आरोपी
योजना के अनुसार अक्षय और अनिकेत 13 अगस्त को चोरी की एक्टिवा लेकर नागपुर से छुईखदान पहुंचे। दोनों ने महेन्द्र से मुलाकात की और तीनों ने मिलकर वारदात को अंजाम देने की तैयारी की। रात में लोहे की रॉड पेचकस और चाकू लेकर आरोपी दुकान के पास पहुंचे। करीब 3 बजे आरोपियों ने पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे। इसके बाद शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और वहां रखे चांदी के आभूषण समेटकर फरार हो गए।
तालाब में छिपाए थे चोरी के आभूषण
वारदात के बाद आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को नवागांव स्थित एक तालाब में डुबाकर छिपा दिया था। इसके बाद नागपुर से आए दोनों आरोपी वापस लौट गए। पुलिस ने महेन्द्र साहू से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर तालाब में छिपाकर रखे आभूषण बरामद किए। इसके बाद पुलिस टीम नागपुर पहुंची और अक्षय गुरूवे तथा अनिकेत मेश्राम को गिरफ्तार किया।

22.6 किलो चांदी समेत 44.75 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 किलो 600 ग्राम चांदी, 3 ग्राम सोना और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा बरामद की है। बरामद चांदी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 44 लाख रुपये और सोने की कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार कुल बरामद माल की कीमत करीब 44 लाख 75 हजार रुपये है।
अक्षय छह बार जा चुका है जेल
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपी अक्षय गुरूवे का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह पूर्व में चोरी के छह मामलों में जेल जा चुका है। वहीं महेन्द्र साहू और अनिकेत मेश्राम के खिलाफ भी चोरी एवं मारपीट के मामले दर्ज रहे हैं और वे पूर्व में जेल जा चुके हैं। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले के खुलासे में साइबर सेल केसीजी और थाना छुईखदान पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए चोरी गया अधिकांश महत्वपूर्ण माल बरामद करने में सफलता हासिल की।
