20 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छुईखदान विकासखंड में नवीन शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के आबंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रक्रिया छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश के तहत की जा रही है। इसके अंतर्गत जिले की वृहत्ताकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समितियों लैम्प्स, प्राथमिक कृषि शाखा समितियों, वन सुरक्षा समितियों, महिला स्व-सहायता समूहों, ग्राम पंचायतों तथा अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियों से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक एवं पात्र संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित 20 अप्रैल 2026 तक कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व छुईखदान में जमा कर सकते हैं। प्रत्येक शासकीय उचित मूल्य की दुकान के लिए अलग-अलग आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। आबंटन के लिए जिन पंचायतों एवं वार्डों को प्रस्तावित किया गया है उनमें आमगांव, कोसमर्रा, कोपरो, गर्रा, देवपुराघाट, खादी, नचनिया, ठाकुरटोला, भाजीडोंगरी, आमगांव, बिडौरी, मगरकुंड, समनापुर सहित छुईखदान वार्ड क्रमांक 10 तथा छुईखदान वार्ड क्रमांक 15 शामिल हैं। प्रशासन ने सभी पात्र संस्थाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर इस प्रक्रिया में भाग लें।