
एसपी और छुईखदान टीआई के नाम सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
छुईखदान। ग्राम गभरा में कथित रूप से लंबे समय से जारी अवैध कच्ची एवं देशी शराब की बिक्री को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने गांव में अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल अंकुश लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं थाना प्रभारी छुईखदान के नाम ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री किए जाने से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। शराब के कारण विवाद की स्थिति निर्मित होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस अवैध कारोबार का प्रतिकूल प्रभाव विशेष रूप से युवा वर्ग और परिवारों पर पड़ रहा है। इससे गांव में नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिलने की चिंता भी ग्रामीणों ने व्यक्त की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गांव में अवैध कच्ची एवं देशी शराब की बिक्री करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए साथ ही शराब बिक्री के संभावित ठिकानों पर नियमित निगरानी रखते हुए अवैध कारोबार को पूरी तरह बंद कराया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि गांव में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए। समय रहते प्रभावी कार्रवाई होने से गांव का सामाजिक वातावरण सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के प्रयासों को भी बल मिलेगा। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

