
प्रशासन की कार्रवाई और अभियान का कोई असर नहीं
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। नगर में स्कूल और कॉलेजों के आसपास तंबाकू जर्दा गुटखा तथा अन्य नशीले उत्पादों की बिक्री को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। कई शिक्षण संस्थानों के समीप संचालित दुकानों में प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद इन उत्पादों की खुलेआम बिक्री की जा रही है जिससे विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारों के अनुसार सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA-2003) के तहत शिक्षण संस्थानों के निर्धारित दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नगर के कई स्कूलों और कॉलेजों के आसपास ऐसे उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं। स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों की पहुंच इन दुकानों तक होने से अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किशोरावस्था में नशे की लत लगने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की उपलब्धता बच्चों को गलत दिशा में ले जा सकती है। उनका मानना है कि इस मामले में संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण कर नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए। अभिभावकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसरों के आसपास संचालित दुकानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि विद्यार्थियों को नशे से दूर रखा जा सके और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। इस संबंध में थाना प्रभारी शिव शंकर गेंदले ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हुआ है। शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगरवासियों का कहना है कि बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन शिक्षा विभाग और पुलिस को समन्वय के साथ प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर अंकुश लगाया जा सके।
