

एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन और 3डी प्रिंटिंग का मिला व्यावहारिक अनुभव
सत्यमेव न्यूज गंडई। विद्यार्थियों को विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में गंडई स्थित पीएम श्री स्व. लाल मुरत सिंह खुशरो शासकीय अंग्रेजी/हिंदी माध्यम विद्यालय में बुधवार को एक दिवसीय स्टेम (STEM) समर कैंप एवं टेक्नोलॉजी कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच नवाचार और तकनीकी कौशल विकसित करना रहा है। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल के.पी. साव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में टेक 36 गढ़ की टीम ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक, 3डी प्रिंटिंग और 3डी पेन जैसी आधुनिक तकनीकों से परिचित कराया। कमल चंदेलकर, विकास चंदेलकर, प्रमोद निषाद और अमितेश हरसुख ने विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए उनके उपयोग और संभावनाओं की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान रोबो सॉकर, रोबो रेस, ड्रोन डेमो और तकनीकी प्रदर्शनी विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहे। छात्रों ने रोबोट संचालन ड्रोन की कार्यप्रणाली और 3डी प्रिंटिंग की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया है। हैंड्स-ऑन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें तकनीक आधारित शिक्षा का व्यावहारिक अनुभव भी मिला है। प्राचार्य पवन कुमार ददरया ने कहा कि बदलते दौर में तकनीकी शिक्षा विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मक क्षमता तार्किक सोच और समस्या समाधान कौशल को विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाली टेक 36 गढ़ की टीम का आभार भी व्यक्त किया है। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। शिक्षकों ने भविष्य में भी इस प्रकार की नवाचार आधारित गतिविधियों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया है।

