
यात्रा ने दिया राष्ट्रीय एकता का संदेश

महात्मा गाँधी और लौह पुरुष के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और तिरंगा गुब्बारा उड़ाकर हुआ शुभारंभ
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर खैरागढ़ जिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और देशभक्ति को समर्पित यूनिटी मार्च पदयात्रा का भव्य आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा 6 अक्टूबर से संचालित “यूनिटी मार्च” अभियान का हिस्सा है। पदयात्रा की शुरुआत सुबह 10 बजे अटल गार्डन से सांसद संतोष पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में हुई। सर्वप्रथम महात्मा गांधी और सरदार पटेल की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद सांसद ने तिरंगा गुब्बारों को आकाश में छोड़कर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। अटल गार्डन में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर सांसद, कलेक्टर, जिले के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्कूली बच्चों सहित हजारों लोगों ने नशामुक्त, आत्मनिर्भर और एकजुट भारत के निर्माण की शपथ ली।

मार्ग में उमड़ी भीड़, पुष्पवर्षा से हुआ यात्रा का अभिनंदन


अटल गार्डन से प्रारंभ हुई पदयात्रा कलेक्ट्रेट मार्ग से होते हुये सर्वप्रथम अम्बेडकर चौक पहुंची जहाँ संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा में सांसद संतोष पांडे व जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित प्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से बाबासाहेब को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। इसके बाद यात्रा जय स्तंभ चौक, बख्शी मार्ग, इतवारी बाजार व अमलीपारा होते हुए जिला मुख्यालय के अंतिम छोर प्राथमिक शाला धनेली पहुँची। रास्तेभर महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। विभिन्न समाजों, व्यापारिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूल-कॉलेजों तथा नागरिकों ने आकर्षक रूप से सजे सरदार पटेल रथ पर पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया। स्कूली बच्चों के भारत माता की जय, वंदे मातरम् और सरदार पटेल अमर रहें के नारों से पूरा मार्ग देशभक्ति से गुंजायमान हो उठा। व्यापारी संघों द्वारा पदयात्रियों को फल, बिस्कुट एवं पेयजल का वितरण किया गया। छात्र-छात्राओं की देशभक्ति एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। समापन स्थल पर स्वदेशी उत्पादों, स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए। इस विशाल आयोजन में सरदार पटेल के चित्रयुक्त विशेष रथ, डीजे वाहन, एम्बुलेंस, स्वच्छता दल और पुलिस-यातायात विभाग की टीमों ने उत्तम व्यवस्था संभाली।

सांसद ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश

समापन कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय ने जिलेवासियों को सरदार पटेल की 150वीं जयंती की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि लौह पुरुष पटेल ने देश की एकता, अखंडता और संघ निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया है जो सदा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह यूनिटी मार्च प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा लिए गए विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है।
कलेक्टर बोले-यूनिटी मार्च अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि यूनिटी मार्च केवल एक आयोजन नहीं बल्कि समाज में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम, समानता और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण संदेश है। आभार प्रदर्शन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने किया।

हजारों लोगों ने दी सहभागिता- जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाएँ रहीं सक्रिय
कार्यक्रम में जिले की सेवाभावी संस्थाओं के प्रतिनिधि सक्रिय रहे। विशेषतौर पर आत्मनिर्भर अभियान खैरागढ़ के स्वयंसेवियों सहित निर्मलत्रिवेणी महाभियान, शांतिदूत, श्रीराम गौसेवा समिति, नागरिक एकता मंच, सतनाम ब्लड़ फाउंडेशन, इकरा फाउंडेशन संस्था के स्वयंसेवियों सहित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका ताम्रकार, उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, पूर्व विधायक कोमल जंघेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य ललित चोपड़ा, दिनेश साहू, अरुणा सिंह बनाफर, सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह, खम्मन ताम्रकार, पूर्व जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू, वरिष्ठ समाजसेवी बिशेसर साहू, नवनीत जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष पुष्पा वर्मा, शैलेन्द्र त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, वालंटियर, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड सदस्य, दिव्यांगजन, छात्र-छात्राएँ, सरपंच-पंच, महिला समूह एवं मीडियाकर्मी उपस्थित थे।