छत्तीसगढ़

बीच से धंस गई सड़क, लापरवाही से हादसे की आशंका बढ़ी

सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। नगर से पंडरिया जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क बीच से धंस जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग क्षेत्र के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है जहां दिनभर लोगों का आवागमन बना रहता है। सड़क के बीच बने धंसे हिस्से के कारण दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार मार्ग पर पानी निकासी के लिए पूर्व में एक छोटी नाली का निर्माण कराया गया था। समय के साथ सड़क पुरानी होने और रखरखाव के अभाव में नाली का हिस्सा नीचे धंस गया जिससे सड़क भी बीच से बैठ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग के निर्माण और मरम्मत की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। यह मार्ग सरकारी अस्पताल शासकीय एवं निजी विद्यालयों तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। इसके अलावा मवेशी बाजार पर्यटन स्थल भड़भड़ी प्राचीन बिरखा मंदिर तथा कटंगी क्षेत्र जाने वाले लोगों का भी इसी सड़क पर निर्भरता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है और लोगों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क धंसे हुए कुछ ही दिन हुए हैं लेकिन अब तक संबंधित विभाग द्वारा किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था या सुरक्षा संकेतक नहीं लगाए गए हैं। इससे रात के समय दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग तथा नगर निकाय के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। नागरिकों ने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page