KCGशिक्षा

खैरागढ़ के छात्रों ने रचा इतिहास: अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में पहली ही भागीदारी में जीते 31 मेडल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खैरागढ़ के शैक्षणिक जगत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। शहर के एक प्रतिष्ठित पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने इंटरनेशनल एजुकेशन ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। यह पहली बार है जब खैरागढ़ के विद्यार्थियों ने इस वैश्विक प्रतियोगिता में भाग लिया और पहले ही प्रयास में मेडल की झड़ी लगाकर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया।
विद्यार्थियों ने गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान जैसे विषयों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 31 मेडल अपने नाम किए। इस उल्लेखनीय सफलता से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे शहर में हर्ष और गर्व का वातावरण है।

प्रतियोगिता में विद्यालय के 19 छात्र-छात्राओं ने गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन विद्यार्थियों ने अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामान्य ज्ञान जैसे विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इतने अधिक स्वर्ण पदक हासिल करना बच्चों की मेहनत और मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।

सफलता का सिलसिला यहीं नहीं रुका। विद्यालय के 8 विद्यार्थियों ने सिल्वर मेडल अपने नाम किए जबकि 3 विद्यार्थियों ने ब्रोंज मेडल जीतकर विद्यालय और शहर की उपलब्धियों में इजाफा किया।

प्रतियोगिता की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि कक्षा पहली के छात्र मास्टर अयान श्रीवास्तव की रही। उन्होंने सामान्य ज्ञान (जीके) विषय में ब्रोंज मेडल जीतने के साथ ही पूरे जोन में ‘जोनल टॉपर’ का खिताब हासिल कर सबको चौंका दिया। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना शहर के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। इस उपलब्धि के बाद विद्यालय के डायरेक्टर इंजी.नीरज बाजपेयी, प्राचार्य डॉ.प्रफुल्ल चरण नायक सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता साबित करती है कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर छोटे शहरों के विद्यार्थी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने इसे खैरागढ़ के शिक्षा जगत के लिए एक नया मील का पत्थर बताया और उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में छात्र-छात्राएं इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page