
खुले बॉक्स और तारों से हादसे का खतरा, नगर पंचायत ने सभी विद्युत खंभों की जांच के दिए निर्देश
सत्यमेव न्यूज गंडईपंडरिया। नगर के विश्राम गृह के पास बुधवार रात स्ट्रीट लाइट के खुले विद्युत तार की चपेट में दो मवेशी आ गए। करंट लगने से एक मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कराए जाने से दूसरे मवेशी को बचा लिया गया। घटना के बाद नगर में खुले विद्युत बॉक्स और तारों की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार रात करीब साढ़े 10 बजे रेस्ट हाउस के पास दो मवेशी विद्युत पोल के खुले तार की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर डायल 112 और विद्युत विभाग को जानकारी दी गई। बिजली आपूर्ति बंद कराए जाने के बाद एक मवेशी को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि दूसरे की करंट लगने से मौत हो गई। वार्डवासियों के अनुसार नगर के कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट के विद्युत बॉक्स खुले पड़े हैं। बस स्टैंड के पास सब्जी मार्केट के प्रवेश मार्ग केसीजी फ्यूचर स्कूल के मुख्य द्वार तथा वार्ड क्रमांक 12 के पहुंच मार्ग के पास भी खुले बॉक्स होने की शिकायत सामने आई है। बारिश के मौसम में ऐसी लापरवाही से बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
बरसात में विशेष सावधानी की जरूरत
वरिष्ठ अधिवक्ता सतीश सिंघानिया ने कहा कि बारिश के दौरान विद्युत खंभों के आसपास करंट फैलने का खतरा बढ़ जाता है। संबंधित विभाग को नियमित जांच और रखरखाव के साथ नागरिकों को भी सावधानी के लिए जागरूक करना चाहिए।
सभी विद्युत बॉक्स की होगी जांच
नगर पंचायत गंडई के मुख्य नगर पालिका अधिकारी अविनाश देवांगन ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया और रात करीब 11 बजे खंभे के वायर को ठीक कराया गया। उन्होंने सभी विद्युत खंभों पर लगे बॉक्स की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी विद्युत बॉक्स खुला नहीं रहना चाहिए। साथ ही नागरिकों से बारिश के दौरान विद्युत खंभों से दूरी बनाए रखने और बच्चों को इनके आसपास नहीं खेलने देने की अपील की है।
