
सत्यमेव न्यूज गंडई-पंडरिया। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा हुमैरा नियाज़ी ने कक्षा 5वीं की परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही उन्होंने जिले की मेरिट सूची में भी स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और नगरवासियों में खुशी का माहौल है। हुमैरा नियाज़ी पिता शकील अहमद ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार को दिया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के शिक्षकों ने हर विषय को सरल तरीके से समझाया जिससे पढ़ाई में काफी मदद मिली वहीं उनकी माता जो शासकीय सेवा में कार्यरत है, व्यस्त दिनचर्या के बावजूद नियमित रूप से पढ़ाई में मार्गदर्शन करती रहीं और घर पर रिवीजन करवाती थी। इसी मेहनत और सहयोग का परिणाम है कि उन्हें यह सफलता मिली। हुमैरा ने बताया कि उनका सपना एक सफल डॉक्टर बनकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। उनका कहना है कि यदि विद्यार्थी ईमानदारी, अनुशासन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ पढ़ाई करें तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। हुमैरा की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, नानी, मामा सहित परिजनों, शिक्षकों व नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

