
गातापार जंगल विद्यालय में हुआ आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वन अग्नि की बढ़ती घटनाओं और उसके दुष्परिणामों को देखते हुए शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गातापार (जंगल) में वन अग्नि रोकथाम एवं वन सुरक्षा-रखरखाव को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध, भाषण, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में वनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वन अग्नि से होने वाली पर्यावरणीय क्षति, जैव विविधता पर इसके प्रभाव तथा वनों के संरक्षण की आवश्यकता के प्रति संवेदनशील बनाना रहा। प्रतियोगिताओं में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से वन संरक्षण का सशक्त संदेश प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष मानिक यदु, समिति सदस्य कृष्णा मंडले, विद्यालय की प्राचार्य ममता अग्रवाल सहित शिक्षकगण परमेश्वर प्रसाद, शैलेन्द्र वर्मा, राजकुमार साहू, कमेश साहू, लोकेश सिन्हा, शिखा रामटेके एवं रेणू मालवीय उपस्थित रहे। इसके अलावा वन विभाग के कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए।

प्रतियोगिता में गीता, त्रिवेणी व नीलम ने मारी बाजी

चित्रकला प्रतियोगिता में गीता ध्रुवे ने प्रथम, त्रिवेणी निर्मलकर ने द्वितीय, नीलम ध्रुवे ने तृतीय, मोनिका सिन्हा ने चतुर्थ तथा भुवनेश्वरी खुशरो ने पंचम स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में रूपा यादव को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में केकती के साथ साक्षी खुशरो एवं पायल खुशरो की टीम प्रथम, कु.सावन द्वितीय तथा गुलशन के साथ धनंजय एवं सूरज की टीम तृतीय स्थान पर रही। सभी विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी जनों ने वन अग्नि की रोकथाम, वन सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।

