
दाऊ चौरा की वर्षों पुरानी परंपरा में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
मुस्का नदी घाट पर विसर्जन देखने उमड़ी भीड़; पाड़ादाह-डोंगरगढ़ मार्ग पर लगा जाम
खैरागढ़। दीपावली के उल्लास के बीच गोवर्धन पूजा पर खैरागढ़ में लोकसंस्कृति और पारंपरिक आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। दाऊचौरा वार्ड में वर्षों से चली आ रही गौरा-गौरी पूजन एवं विसर्जन की परंपरा इस बार भी पूरे उत्साह के साथ निभाई गई। सोमवार को निकली विसर्जन यात्रा में शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-धमाल, जयकारों और पारंपरिक उल्लास के बीच निकली यात्रा का मुख्य आकर्षण सोटा पिटवाने की रस्म रही जिसे देखने और उसमें शामिल होने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी।
सोटा की रस्म बनी आकर्षण का केंद्र
गौरा-गौरी यात्रा के दौरान पारंपरिक सोटा पिटवाने की रस्म में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोकमान्यता और आस्था से जुड़ी इस परंपरा के तहत लोगों ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। आयोजन में बुजुर्गों से लेकर युवाओं और महिलाओं तक की सक्रिय भागीदारी रही। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत कर पूजा-अर्चना की और गौरा-गौरी का आशीर्वाद लिया।
रातभर चला पूजन, दोपहर बाद निकली विसर्जन यात्रा
दाऊचौरा वार्ड में गौरा-गौरी पूजन की परंपरा वर्षों पुरानी है। हर साल दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी पूजन के दिन दाऊ साहब मंदिर परिसर में विधि-विधान से गौरा-गौरी की स्थापना की जाती है। इसके बाद रातभर पूजन-अर्चना का सिलसिला चलता है। इस बार भी श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज के साथ पहुंचकर पूजा की तथा शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। सोमवार दोपहर बाद विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात प्रतिमाओं की विसर्जन यात्रा निकाली गई जो दाऊचौरा वार्ड के विभिन्न मार्गों से होते हुए मुस्का नदी घाट पहुंची।
मुस्का नदी घाट पर उमड़ी भीड़, यातायात भी प्रभावित
विसर्जन यात्रा के मुस्का नदी घाट पहुंचते ही श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। नदी के दोनों किनारों और पुल पर बड़ी संख्या में लोग विसर्जन देखने के लिए जुटे रहे। प्रतिमाओं के विधि-विधान से विसर्जन के दौरान घाट पर देर तक श्रद्धालुओं की मौजूदगी बनी रही। भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि पाड़ादाह-डोंगरगढ़ मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दाऊचौरा का यह आयोजन एक बार फिर साबित कर गया कि आधुनिकता के दौर में भी लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के प्रति लोगों की आस्था कायम है। पीढ़ियों से चली आ रही गौरा-गौरी पूजा की यह परंपरा खैरागढ़ की सामाजिक एकजुटता और समृद्ध लोकसंस्कृति की पहचान बनी हुई है।

