KCG

सीएम हेल्पलाइन की पहल से छात्रा को मिला डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल प्रवेश की राह हुई आसान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा के ग्राम सरोधी निवासी महावीर पांचे की शिकायत का त्वरित निराकरण करते हुए प्रशासन ने उनकी पुत्री का ऑनलाइन डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र जारी कर दिया। इस दस्तावेज के मिलने से छात्रा के स्कूल प्रवेश की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सकी। जानकारी के अनुसार छात्रा के जन्म के समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा से केवल मैनुअल जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया था। वर्तमान में स्कूलों एवं विभिन्न शासकीय सेवाओं में ऑनलाइन सत्यापन योग्य डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र अनिवार्य होने के कारण परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए महावीर पांचे ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र साल्हेवारा के अभिलेखों का परीक्षण कराया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रा का डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी कर दिया गया है। महावीर पांचे ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ और उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आई है। प्रशासन का कहना है कि शासन का उद्देश्य नागरिकों को पारदर्शी सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है ताकि लोगों को आवश्यक दस्तावेज समय पर मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page