सिरसाही में बिजली सब स्टेशन स्थापना को मिलेगी गति, विधायक हर्षिता स्वामी ने कलेक्टर से की भूमि आबंटन की मांग

किसानों और ग्रामीणों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग

सब स्टेशन के लिए शीघ्र प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने किया आग्रह
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरसाही में प्रस्तावित बिजली सब स्टेशन की स्थापना को लेकर विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रावल से मुलाकात कर आवश्यक भूमि आबंटन एवं निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया।
विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल ने वरिष्ठ कांग्रेसी राजभान लोधी, रौनक बाफना (मंडल अध्यक्ष), अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा ग्रामवासियों के साथ कलेक्टर से भेंट कर बताया कि सिरसाही में बिजली सब स्टेशन की स्थापना लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता है। इसके लिए भूमि उपलब्ध कराकर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए ताकि निर्माण कार्य बिना विलंब शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि बिजली सब स्टेशन के स्थापित होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अधिक सुदृढ़ और सुचारु होगी। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध होगी वहीं बार-बार होने वाली बिजली कटौती और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं से भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों, छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को भी बेहतर विद्युत सेवाओं का लाभ मिलेगा। विधायक ने कलेक्टर से जनहित को प्राथमिकता देते हुए भूमि आबंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा संबंधित विभागों के समन्वय से निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का आग्रह किया। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने भी बिजली सब स्टेशन की स्थापना को क्षेत्र के विकास और कृषि गतिविधियों के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।