KCG

सर्वतारेश्वर महादेव मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। श्रावण मास के पावन अवसर पर शहर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित शिक्षक कॉलोनी (अटल आवास) में सर्वतारेश्वर महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न हुई। 4 से 6 अगस्त तक चले तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में विभिन्न पूजन कार्यक्रमों के साथ भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा, महाआरती और भंडारे का आयोजन किया गया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। आयोजन के प्रथम दिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंचांग पूजन एवं भगवान शिव का जलाधिवास कराया गया। इसके आवाहित देवी-देवताओं सहित शिव परिवार का राजोपचार पूजन एवं अन्नाधिवास संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन भगवान शिव का दशविधि स्नान कराया गया। इसके पश्चात देवालय में मध्यस्थ अचल प्राण प्रतिष्ठा एवं शिखर प्राण प्रतिष्ठा सहित विभिन्न धार्मिक विधियां पूरी की गई। समापन पर पूर्णाहुति के बाद महाआरती हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में विशेष महाभोग एवं भंडारे का आयोजन किया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी समारोह में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शिक्षक कॉलोनी के वार्डवासियों में खासा उत्साह रहा। आयोजन को लेकर मंदिर समिति एवं वार्डवासियों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थी। तीन दिनों तक चले धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की लगातार सहभागिता रही। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर सेवक, सहयोगी, यजमान एवं वार्ड क्रमांक 20 के नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजक नीलम सिंह राजपूत ने धार्मिक आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page