संगीत विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की हड़ताल को शिक्षक-कर्मचारी संगठनों ने बताया पूर्व प्रायोजित, की निंदा

दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों से चर्चा
समस्याओं के समाधान के लिए संस्थागत व्यवस्था अपनाने की अपील
खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में 12 नवंबर को पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय में हाल ही में विद्यार्थियों द्वारा की गई हड़ताल को लेकर चर्चा हुई। शिक्षक संघ, गैर शिक्षक कर्मचारी संघ और कर्मचारी कल्याण संघ ने हड़ताल की निंदा करते हुए इसे कथित रूप से पूर्व प्रायोजित बताया। उनका आरोप है कि कुछ लोगों के बहकावे में आकर विद्यार्थियों ने शिक्षकों और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ अनुचित व्यवहार किया, जिससे प्रतिष्ठित संस्थान की छवि प्रभावित हुई।चर्चा के दौरान कहा गया कि विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय में निर्धारित संस्थागत व्यवस्था है। विद्यार्थी पहले संबंधित विभागाध्यक्ष, फिर डीन और आवश्यकता पड़ने पर कुलसचिव के समक्ष अपनी बात रख सकते हैं। इसके अलावा कुलानुशासक (प्रॉक्टर) के माध्यम से भी समस्याओं का निराकरण कराया जा सकता है। ऐसे में इन माध्यमों से संवाद किए बिना सीधे हड़ताल करना उचित नहीं था।शिक्षक संगठनों ने हड़ताल के दौरान शिक्षकों के प्रति कथित अमर्यादित टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की पहचान गुरु-शिष्य परंपरा, कला-संस्कृति और शैक्षणिक अनुशासन से है। विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं और असहमति रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन इसके लिए भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना भी जरूरी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के हितों और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम में किसी भी व्यक्ति की भूमिका नियमों के विरुद्ध पाए जाने पर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे किसी के बहकावे में आने के बजाय अपनी समस्याएं उचित मंच पर रखें और विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें।