
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान के इस्तीफे की हुई मांग
सत्यमेव न्यूज छुईखदान। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुईखदान ने गुरुवार को पेपर लीक मामलों के विरोध में नगर में पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ पैदल मार्च जय स्तंभ चौक होते हुए बस स्टैंड पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है और लाखों युवाओं का भविष्य संकट में पड़ रहा है। बस स्टैंड में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थियों का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान पेपर लीक प्रकरण से जुड़ी मृत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम में विधायक यशोदा वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, गिरिराज किशोर दास, देवराज किशोर दास, रामकुमार पटेल, सज्जाक खान, गुलशन तिवारी, कोसन कोसरे, पवन चंद्राकर, रिंकू गुप्ता, सुशीलकांत पांडे, आरती महोबिया, रोशन कोसरे, छोटू पटवा, हेमंत वैष्णव, रामानंद साहू, जयराम मंडावी, तोरण सिंह ठाकुर, केशव दास मड़ैया भीम महोबिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी कार्यकर्ता सरपंच पार्षद एवं जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।