KCGशिक्षा

माइलस्टोन पब्लिक स्कूल में हुआ छात्र कैबिनेट का समारोहपूर्वक शपथ ग्रहण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। माइलस्टोन पब्लिक स्कूल, खैरागढ़ में छात्र नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को छात्र कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवचयनित छात्र पदाधिकारियों ने विद्यालय के आदर्शों का पालन करते हुए विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य डॉ.प्रफुल्लचरण नायक ने नवचयनित छात्र पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने प्रेरक उद्बोधन में प्राचार्य डॉ.नायक ने कहा कि छात्र कैबिनेट केवल पद और अधिकार का प्रतीक नहीं बल्कि नेतृत्व, अनुशासन, सेवा, सहयोग और सकारात्मक सोच का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि एक आदर्श छात्र नेता अपने व्यवहार और कार्यशैली से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनता है।उन्होंने सभी पदाधिकारियों से निष्पक्षता, ईमानदारी, समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। शपथ ग्रहण करने वालों में हेड बॉय, हेड गर्ल, वाइस हेड बॉय, वाइस हेड गर्ल, स्पोर्ट्स कैप्टन, सांस्कृतिक कैप्टन, अनुशासन प्रभारी सहित विभिन्न हाउसों के कैप्टन एवं वाइस कैप्टन शामिल रहे। सभी छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने साथी विद्यार्थियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल, अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page