
योग एवं प्राणायाम के जरिए स्वस्थ हृदय और स्वस्थ जीवनशैली का दिया गया संदेश
खैरागढ़। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला स्तरीय योग शिविर एवं योग जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों सहित विभिन्न प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों एवं पतंजलि योग समिति के सदस्यों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया साथ ही नियमित योग एवं शारीरिक गतिविधियों को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विश्व हृदय दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि हर वर्ष 29 सितंबर को विश्व हृदय दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना तथा हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करना है। विशेषज्ञों ने हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित व्यायाम एवं योग, संतुलित और पौष्टिक आहार, तंबाकू एवं नशीले पदार्थों से दूरी, तनाव का बेहतर प्रबंधन तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ हृदय के लिए अपनी दिनचर्या में सकारात्मक आदतों को शामिल करने का संदेश दिया गया। योग एवं प्राणायाम को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी बताते हुए इसे नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार शुक्ला, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ.मनीष बघेल, एनपीएनसीडी नोडल अधिकारी डॉ.पंकज वैष्णव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सोनल ध्रुव, जिला सलाहकार श्रीमती आरती चतुर्वेदानी, सहायक नोडल अधिकारी नागेश सिमकर, बीपीएम बृजेश ताम्रकार, वरिष्ठ नेत्र सहायक अधिकारी रामटेके सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक एवं पतंजलि योग समिति के सदस्य उपस्थित रहे।