Uncategorized

खैरागढ़ सिविल जिला अस्पताल में 11 बच्चों की टंग टाई सर्जरी सफल

खैरागढ़। बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर समय पर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में खैरागढ़ स्वास्थ्य विभाग को सफलता मिली है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत चिरायु टीम द्वारा चिन्हांकित टंग टाई से प्रभावित 11 बच्चों का सिविल अस्पताल खैरागढ़ में सफल ऑपरेशन किया गया। अस्पताल में पदस्थ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ.अनम फातिमा ने बच्चों की सर्जरी की।कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में जिले में बच्चों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चिरायु टीम बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उनमें मौजूद समस्याओं की पहचान कर रही है ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर उपचार मिल सके।

सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.आशीष शर्मा ने बताया कि चिरायु टीम के माध्यम से चिन्हांकित बच्चों का सिविल अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। अब तक टंग टाई से प्रभावित 11 बच्चों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार शुक्ला तथा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.विवेक बिसेन एवं डॉ.मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग बच्चों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटा है।

टंग टाई में जीभ के नीचे मौजूद ऊतक छोटा या अधिक कसा हुआ होने से जीभ की सामान्य गति सीमित हो सकती है। कुछ बच्चों को इससे जीभ बाहर निकालने, ऊपर उठाने, भोजन करने या कुछ ध्वनियों के उच्चारण में परेशानी हो सकती है। हालांकि हर बच्चे में ऑपरेशन की जरूरत नहीं होती। चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर ही उपचार का निर्णय लिया जाता है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि बच्चे को जीभ हिलाने, भोजन करने या उच्चारण में परेशानी हो, तो उसे चिकित्सक को जरूर दिखाएं। समय पर पहचान और विशेषज्ञ की सलाह से जरूरत के अनुसार उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page