KCG

विशेष थाना दिवस में हुआ पुलिस-जन संवाद, अधिकारियों ने दिये जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर गुरुवार को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद, विश्वास तथा सहभागिता को मजबूत बनाना रहा। मुख्य कार्यक्रम छुईखदान थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों, कोटवारों, बैंक अधिकारियों, पत्रकारों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने नए आपराधिक कानूनों एवं भारतीय न्याय संहिता की जानकारी देते हुए बताया कि न्याय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है साथ ही कानूनों में हुए बदलावों से नागरिकों को अवगत कराया गया। संवाद के दौरान नागरिकों ने अवैध शराब बिक्री, नशाखोरी, साइबर अपराध, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, शिक्षण संस्थानों के आसपास धूम्रपान तथा आवारा मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया जा सकता है अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है इसके अलावा आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 सेवा की जानकारी भी नागरिकों को दी गई। इस अवसर पर एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा ने कहा कि जिले में नशाखोरी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों के प्रति पुलिस की शून्य सहनशीलता की नीति रहेगी और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए थाना दिवस का आयोजन प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय गुरुवार को नियमित रूप से किया जाएगा। विशेष थाना दिवस के आयोजन को नागरिकों ने सकारात्मक पहल बताते हुए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page