
खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल जीवन मिशन द्वारा शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय कुटेलीखुर्द छुईखदान के छात्र-छात्राओं के लिए एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल, जल की गुणवत्ता, स्वच्छता तथा जल जीवन मिशन की गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी देना था। इस दौरान विद्यार्थियों को पेयजल स्रोतों एवं जल जीवन मिशन से संबंधित कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया और सुरक्षित पेयजल के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को जल की बचत, पानी को स्वच्छ रखने, जल स्रोतों के संरक्षण और हाथों की स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है तथा जल स्रोतों को स्वच्छ रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की और जल संरक्षण एवं स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। एक्सपोजर कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता, जिला समन्वयक एवं हैंडपंप तकनीशियन उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों ने विद्यार्थियों को जल जीवन मिशन से जुड़ी गतिविधियों, जल की गुणवत्ता और सुरक्षित पेयजल के संबंध में जानकारी दी।
