KCG

वर्षाकाल में आकाशीय बिजली से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने की अपील

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वर्षाकाल में आकाशीय बिजली गिरने की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने नागरिकों से सतर्कता बरतने और सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आशीष शर्मा ने बताया कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, जलाशय, पहाड़ी, पेड़ के नीचे एवं ऊँचे स्थानों पर रुकने से बचें तथा तुरंत किसी पक्के भवन या बंद चारपहिया वाहन में सुरक्षित आश्रय लें साथ ही नदी-तालाब, धातु के कृषि उपकरणों एवं अन्य लोहे की वस्तुओं से दूरी बनाए रखें और मौसम विभाग व जिला प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति खुले में फँस जाए तो जमीन पर लेटने के बजाय दोनों पैरों को साथ रखकर झुक जाए और अन्य लोगों से दूरी बनाए रखे। यदि किसी व्यक्ति पर आकाशीय बिजली गिर जाए तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रभावित व्यक्ति को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर 108 एम्बुलेंस सेवा अथवा निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। आवश्यकता होने पर प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा सीपीआर देकर तत्काल अस्पताल पहुँचाना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षाकाल में स्वयं सुरक्षित रहें तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। ज्ञात रहे कि जब गरज सुनाई दे, तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएँ। आपकी सतर्कता ही आपका जीवन बचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page