वन महोत्सव में अचानकपुर विद्यालय में गूंजा हरियाली का संदेश, संरक्षण के संकल्प के साथ विद्यार्थियों ने रोपे पौधे


सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वन महोत्सव के तहत जिले के अंतिम छोर पर बसे साल्हेवारा अंचल के पूर्व माध्यमिक शाला अचानकपुर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों शिक्षकों तथा वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। इस अवसर पर वन परिक्षेत्र अधिकारी संजीत मरकाम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ माँ के नाम अभियान से जुड़ते हुए अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल पर जोर देते हुए कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक है जब पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए। प्रधान पाठक पन्नालाल जांघेल ने विद्यार्थियों को वृक्षों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष जल संरक्षण जैव विविधता संवर्धन तथा स्वच्छ वातावरण के लिए आवश्यक हैं। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया साथ ही पौधों की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का भी वचन दिया है। वन महोत्सव के इस आयोजन ने विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आज लगाया गया पौधा भविष्य में स्वच्छ वायु हरियाली और बेहतर पर्यावरण का आधार बनेगा।
