KCG

राज्यपाल के गोदग्राम सोनपुरी में आवास प्लस 2.0 पर विशेष ग्राम सभा

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण अभियान को लेकर राज्यपाल के गोदग्राम सोनपुरी में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया है। ग्राम सभा में ग्रामीणों जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तरीय अधिकारियों ने भाग लेकर आवास योजना से वंचित परिवारों की पहचान और चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की है। बैठक में ग्रामीणों को आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण की प्रक्रिया पात्रता शर्तों तथा योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी गई।अधिकारियों ने बताया कि ऐसे परिवारों को चिन्हित किया जा रहा है जो आवासहीन हैं या फिर कच्चे एवं जर्जर मकानों में जीवनयापन कर रहे हैं तथा अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर पाए हैं। ग्राम सभा के दौरान प्राप्त आवेदनों का परीक्षण एवं प्रारंभिक सत्यापन किया गया। साथ ही संभावित पात्र हितग्राहियों की सूची पर ग्रामीणों की उपस्थिति में चर्चा कर सुझाव और आपत्तियां भी आमंत्रित की गईं। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित एवं स्थायी आवास उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण को गंभीरता से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जो पात्र परिवार अभी तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें। अधिकारियों ने बताया कि सर्वेक्षण के आधार पर तैयार सूची का परीक्षण कर शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। कार्यक्रम में सरपंच पंचगण ग्राम पंचायत सचिव रोजगार सहायक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्व-सहायता समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्राम सभा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। ग्रामीणों ने आवासहीन परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने की पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page