
लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसान पंजीयन की तहसीलवार स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अंतिम तिथि से पहले अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने तथा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पात्र किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए साथ ही कौशल विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा कर युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। जनसेवा से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान सेवा सेतु सीएम जनदर्शन सीएम जनशिकायत और सीएम हेल्पलाइन में लंबित आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए जिससे आम लोगों को त्वरित राहत मिल सके। बैठक में आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली की भी समीक्षा की गई।

सभी कार्यालयों को प्रतिदिन अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति रिपोर्ट साझा करने के निर्देश दिए गए। नियमित उपस्थिति दर्ज करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने तथा लापरवाही बरतने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही गई। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के लिए सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि कार्यालयीन फाइलों का संचालन डिजिटल माध्यम से ही किया जाए ताकि कार्यों का शीघ्र निष्पादन हो सके। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को गणवेश पाठ्यपुस्तक और साइकिल वितरण की प्रगति की जानकारी ली गई। पात्र विद्यार्थियों तक समय पर सामग्री पहुंचाने के साथ विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने के कार्यों को भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की नियमित समीक्षा करने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा जनहित के कार्यों में जवाबदेही पारदर्शिता और सुशासन की भावना को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
