

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी ने डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर खैरागढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण कार्यक्रम को बूथ स्तर तक सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि डॉ.मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ना और डिजिटल प्रशिक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि डॉ.मुखर्जी ने 1951 में जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी विचारधारा को नई दिशा दी। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित करने पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्य वक्ता एवं प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख ने डॉ.मुखर्जी के जीवन, विचारों और राष्ट्रहित में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने धारा 370 के ऐतिहासिक संदर्भ का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा महामंत्री नवनीत जैन ने किया जबकि आभार प्रदर्शन जिला भाजपा अध्यक्ष बिशेषर साहू ने किया। सम्मेलन में पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

