KCG

मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को विधिक सहायता से मिला उपचार, सेंद्री मनोरोग चिकित्सालय में कराया गया भर्ती

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल और पैरालीगल वालंटियर्स के सहयोग से मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ राज्य मनोचिकित्सालय सेंद्री बिलासपुर में भर्ती कराया गया। इस पहल से लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति के परिजनों को राहत मिली है। जानकारी के अनुसार पैरालीगल वालंटियर गोलूदास साहू और कला प्रजापति क्षेत्र में साइबर अपराध पॉक्सो एक्ट लोक अदालत एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूकता अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर अपने छोटे भाई की समस्या बताई। उसने बताया कि उसका भाई करीब चार-पांच वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। बीमारी के चलते वह नशे का सेवन करने लगा है तथा अक्सर लोगों से गाली-गलौज करता है। परिजनों ने कई स्थानों पर उसका उपचार कराया लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उपचार में परिवार की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हुई। परिजन ने विधिक सहायता के माध्यम से उचित उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पैरालीगल वालंटियर्स ने थाना साल्हेवारा के सहयोग से संबंधित व्यक्ति को रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सा अधिकारी प्रकाश वर्मा ने उसका उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया है। स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए छत्तीसगढ़ राज्य मनोचिकित्सालय सेंद्री बिलासपुर रेफर किया गया है। रेफरल दस्तावेज के आधार पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि शर्मा के निर्देश के बाद व्यक्ति को सेंद्री स्थित राज्य मनोचिकित्सालय ले जाकर भर्ती कराया गया है। वर्तमान में डॉ. दीप्ति एवं उनकी टीम द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में पीएलवी गोलूदास साहू, कला प्रजापति, थाना प्रभारी साल्हेवारा योगेश बंजारे, प्रधान आरक्षक अनंत कुमार रामटेके सहित पुलिस टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विधिक सेवा प्राधिकरण की इस पहल से जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ उसके परिवार को भी आवश्यक विधिक एवं मानवीय सहायता मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page