
लक्ष्मी प्रतिमा स्थापना पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन, देर रात तक उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
खैरागढ़। ग्राम रूसे में मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापना के पावन अवसर पर आदर्श नवयुवक लक्ष्मी उत्सव समिति रूसे बांध द्वारा भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आस्था, उल्लास और लोकसंस्कृति के संगम से सजे इस आयोजन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लोकप्रिय पटपर झांकी की मनमोहक प्रस्तुति रही जिसने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा और पूरे गांव को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि एवं जिला मुख्य आयुक्त भारत स्काउट्स एवं गाइड्स भागवत शरण सिंह तथा अध्यक्षता के रूप में जिला कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयोजक प्रखर शरण सिंह शामिल हुए। अतिथियों ने मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक : भागवत शरण सिंह
मुख्य अतिथि भागवत शरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं और संस्कारों को सहेजने के साथ समाज में एकता एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। गांव की असली ताकत आपसी सहयोग, सामूहिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत में निहित होती है। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान करते हुए आयोजन समिति के समर्पण एवं सक्रियता की सराहना की। प्रखर शरण सिंह ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी गांव की सामूहिक चेतना और सांस्कृतिक निरंतरता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम का आयोजन समिति अध्यक्ष कमल पाल के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सतानंद यादव, नरेंद्र पाल, जितेंद्र साहू, पुरुषोत्तम पाल, चिसामन साहू, विक्रम पाल, अयोध्या पाल, ललित भारती, ललित यादव, जितेंद्र यादव, दामेश पाल, विक्की पाल, खिलेश्वर, पोषण यादव, ऋतिक पाल, योगेश यादव, उमेश निषाद, अर्जुन निषाद, तामेश्वर साहू, उतेश साहू, मिनेश निषाद, कोमल साहू एवं दुर्गेश मंडावी सहित समिति के युवाओं का योगदान रहा।