KCG

महावीर जन्मकल्याणक: सेवा सप्ताह में जैन समाज की नई पहल, अस्पताल में बांटी उपयोगिता किट

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के अवसर पर जैन समाज ने इस वर्ष सेवा को केंद्र में रखते हुए अनूठी पहल की है। सकल जैन संघ जैन यूथ क्लब और भारतीय जैन संघटना के संयुक्त तत्वावधान में 24 से 31 मार्च तक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिला अस्पताल खैरागढ़ में विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया जिसमें मरीजों और चिकित्सकों दोनों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि परंपरागत फल वितरण के बजाय मरीजों को दैनिक जरूरत की वस्तुओं से युक्त उपयोगिता किट दी गई। इन किट में शुद्ध पेयजल, हैंडवॉश सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी जो मरीजों के लिए अधिक उपयोगी साबित होंगी। संघ के अध्यक्ष नरेंद्र बोथरा ने बताया कि इस बार आयोजन को सेवा महोत्सव का रूप दिया गया है ताकि जरूरतमंदों को वास्तविक लाभ मिल सके और महावीर स्वामी के संदेश को व्यवहार में उतारा जा सके। इसी दौरान भारतीय जैन संघटना के जिलाध्यक्ष अजय जैन के नेतृत्व में प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अस्पताल में भर्ती 21 टीबी मरीजों को पौष्टिक आहार सामग्री वितरित की गई।

उन्होंने कहा कि बीमारी से उबरने के लिए पोषण और सकारात्मक सोच भी उतनी ही जरूरी है जितनी दवा। सेवा कार्यों के साथ जैन समाज ने अस्पताल के चिकित्सकों का सम्मान भी किया। डॉक्टरों को तिलक लगाकर किट भेंट की गई और उनके योगदान की सराहना की गई। समाज के सदस्यों ने कहा कि चिकित्सा सेवा में लगे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि सेवा सप्ताह के तहत लगातार विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं जिनमें रक्त जांच रक्तदान और आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जैन समाज जियो और जीने दो के सिद्धांत को समाज के बीच साकार करने का प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी युवा और महिला विंग के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page