Uncategorized

टिकरीपारा आंगनबाड़ी में हुआ गोद भराई कार्यक्रम

गंडई-पंडरिया। ब्लॉक की एकीकृत बाल विकास परियोजना के अंतर्गत नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित टिकरीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं सहित वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान गोद भराई रस्म के साथ विभिन्न जागरूकता एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं।कार्यक्रम में बालकों एवं महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़, दीप जलाओ प्रतियोगिता तथा गोद भराई रस्म का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं बच्चों को कुपोषण से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली माताओं का भी सम्मान किया गया।कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर मुनगा’ अभियान के तहत वार्डवासियों एवं हितग्राहियों को अपने घरों में मुनगा के पौधे लगाने तथा इसके नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। मुनगा की पत्तियों एवं फलियों में पाए जाने वाले पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इसे परिवार के दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की गई।वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद ननकी नारायण चतुर्वेदी ने गर्भवती माताओं को साड़ी भेंट कर पारंपरिक रूप से गोद भराई की रस्म निभाई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उमा चौबे ने आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों और माताओं को सेवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि समुदाय की सहभागिता से पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने आंगनबाड़ी की गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता करने तथा बच्चों एवं माताओं के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए जनसहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंजलि देवांगन, महिला मोर्चा महामंत्री आशा कुर्रे, वार्ड क्रमांक 14 पार्षद ननकी नारायण चतुर्वेदी, वार्ड क्रमांक 12 पार्षद मनीषा मरकाम, केशव दास चतुर्वेदी एवं धनसिंह चतुर्वेदी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता टंडन, सहायिका रिजीया टोंड्रे, वार्ड क्रमांक 8 की कार्यकर्ता संगीता चौरे सहित नोकिन बाई, उत्तरा बाई गायकवाड़, फूगा बाई मार्कण्डेय, चंद्रिका, सोहागा बाई चतुर्वेदी, श्वेता गायकवाड़, हरिता मार्कण्डेय, कुलदीप कौर, सीता चौरे, निर्मला चतुर्वेदी, उषा चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में बच्चे एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र और समुदाय के बीच समन्वय मजबूत करने, जनसहयोग को बढ़ावा देने तथा ‘हर घर मुनगा’ के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन पार्षदपति एवं पूर्व पार्षद नारायण चतुर्वेदी ने किया।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page