KCG

बैगा बस्ती में मलेरिया से बचाव की हुई पहल, 39 परिवारों को दी मच्छरदानियां

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए संचालित ‘आदि अमितान’ पीएम जनमन यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छुईखदान विकासखंड के ग्राम पंचायत सरईपतेरा अंतर्गत छूईहा (बैगाटोला) में स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की। इस दौरान बैगा बस्ती के 39 परिवारों को मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानियां वितरित की गईं। जिला प्रशासन के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग दूरस्थ बैगा बसाहटों में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच उपचार रोगों की रोकथाम और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने का काम कर रहा है।

‘आदि अमितान’ अभियान के माध्यम से जिले के दूरस्थ पीव्हीटीजी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान में मलेरिया के साथ टीबी कुष्ठ सिकल सेल एनीमिया उच्च रक्तचाप मधुमेह और नेत्र संबंधी बीमारियों की जांच की जा रही है। महिलाओं में स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग पर भी ध्यान दिया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रेफर करने की व्यवस्था भी की जा रही है। अभियान से जुड़े अधिकारियों के अनुसार मच्छरदानी वितरण का उद्देश्य केवल सामग्री उपलब्ध कराना नहीं बल्कि ग्रामीणों को उसके नियमित और सही इस्तेमाल के लिए प्रेरित करना भी है। इससे बैगा बस्तियों में मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ.प्रकाश वर्मा, पर्यवेक्षक अमीलाल एलटी प्रवीण गायकवाड़ एएनएम कविता सोनवानी सहित स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारी मौजूद रहे। ग्राम पंचायत के सरपंच बनस लाल साहू, उप सरपंच धन्नू धुर्वे, वार्ड पंच खोमन धुर्वे, अनुज मेरावी और बलराम धुर्वे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी शामिल हुए। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें और बुखार अथवा मलेरिया से जुड़े लक्षण सामने आने पर तत्काल जांच कराएं। विभाग का कहना है कि पीव्हीटीजी समुदाय को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और बीमारी की रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page