KCG

बेंद्रीडीह-भोरमपुर मार्ग के किनारे गहरे गड्ढे, हादसों का बढ़ा खतरा

खैरागढ़। पाडादाह अंचल के ग्राम बेंद्रीडीह से भोरमपुर खुर्द को जोड़ने वाली ग्रामीण सड़क की स्थिति जर्जर हो चुकी है। मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित इस मार्ग के किनारे कई स्थानों पर मिट्टी धंसने से गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत और मरम्मत की मांग किए जाने के बावजूद अब तक विभाग ने कोई ठोस पहल नहीं की है।

मिट्टी धंसने से बने गहरे गड्ढे

सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे विशेषकर रात के समय वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। कम रोशनी में गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराया गया लेकिन अब तक न तो किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया और न ही मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। पूरी बरसात बीत जाने के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

आधा दर्जन गांवों के आवागमन का प्रमुख मार्ग

बेद्रीडीह-भोरमपुर मार्ग केवल दो गांवों को ही नहीं बल्कि सिंगारघाट, कुर्रुभाठ और देवरी सहित आसपास के कई गांवों को भी मुख्य मार्ग से जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण इस रास्ते से पांडादाह, खैरागढ़, मुढ़ीपार, गातापार जंगल, डोंगरगढ़ और राजनांदगांव सहित अन्य क्षेत्रों में आवागमन करते हैं। स्कूली छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित इस सड़क पर गड्ढों के कारण लोगों को हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर गहरे गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page