
बुन्देली में किसानों ने जेई से की 24 घंटे बिजली
सही वोल्टेज और ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण दौर में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान बुन्देली क्षेत्र के किसानों ने 14 अगस्त को विद्युत वितरण केंद्र के कनिष्ठ अभियंता (जेई) को ज्ञापन सौंपकर नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति की मांग की। किसानों ने कहा कि अनियमित विद्युत आपूर्ति और कम वोल्टेज के कारण सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है जिससे फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। किसानों ने कृषि कार्य के लिए निर्धारित विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का पालन कराने, अनावश्यक कटौती बंद करने तथा पर्याप्त व सही वोल्टेज उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने अथवा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की भी मांग रखी।
स्मार्ट मीटर की शिकायतों का हो निराकरण
ज्ञापन में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया। किसानों ने बताया कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की जा रही है। उन्होंने ऐसे इच्छुक उपभोक्ताओं के आवेदन स्वीकार कर नियमानुसार स्मार्ट मीटर के स्थान पर सामान्य मीटर लगाने तथा शिकायतों की जांच कराने की मांग की। इसके अलावा किसानों ने घरेलू बिजली दर ₹2 प्रति यूनिट से कम रखने तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत इच्छुक उपभोक्ताओं को 5 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने की मांग भी की।
दो दिन में समाधान नहीं तो घेराव
किसानों ने विभाग को दो दिन के भीतर बिजली कटौती की समस्या का समाधान करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो सैकड़ों किसानों के साथ विद्युत वितरण केंद्र का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में कामदेव जंघेल, केदार जंघेल, ज्ञानेंद्र जंघेल, उद्धव जंघेल, इंद्रेश मोहित, पवन, सुरेश, हुकुम, वीरेंद्र, विष्णु, तिलक, ओंकार, नरोत्तम पाल, वेदप्रकाश जंघेल, प्रदीप जंघेल, कमता जंघेल, मनीष यादव, डाकेश जंघेल, विजय जंघेल, कमलेश पेंटर, टाकेश्वर जंघेल, ऐमन जंघेल, बबलू जंघेल, प्रमोद सिंह ठाकुर और ऋषि जंघेल सहित अन्य किसान शामिल रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व छुईखदान, कार्यपालन अभियंता खैरागढ़, सहायक अभियंता छुईखदान तथा थाना प्रभारी छुईखदान को भी सौंपी गई।
