KCG

फेडरेशन ने आयोजित की शैक्षिक कार्यशाला, विद्यार्थियों को बांटी अध्ययन सामग्री

गंडई-पंडरिया। विद्यार्थियों एवं युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान करने तथा जरूरतमंद बच्चों को शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अधिकारी-कर्मचारी मुस्लिम फेडरेशन केसीजी द्वारा नर्मदा और गंडई में शैक्षिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हाजी कलाम खान एवं जावेद खान उपस्थित रहे वहीं फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. मकसूद अहमद ने अध्यक्षता की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क मार्गदर्शन और शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराना फेडरेशन की सराहनीय पहल है वहीं अध्यक्ष डॉ. मकसूद अहमद ने विद्यार्थियों को बेहतर कैरियर विकल्प चुनने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और पूरी लगन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सही दिशा में निरंतर प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है। कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता अधिवक्ता गजाला निशा ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आय, जाति, निवास और जन्म प्रमाण पत्र तथा विवाह पंजीयन के महत्व की जानकारी दी। साथ ही इन दस्तावेजों को बनवाने में आने वाली समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से बताया। इसके अलावा फेडरेशन के उपाध्यक्ष सिराज खान, सहसचिव शेख सफी एवं समाजसेवी जहीम खान ने भी विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, कैरियर निर्माण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए।कार्यक्रम के सफल आयोजन में गंडई जमात समाज के सदर जावेद खान तथा नर्मदा जमात के अजहरुद्दीन एवं कलीम खान का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर डॉ. मकसूद अहमद, जावेद खान, गजाला निशा, अजहरुद्दीन, कलीम खान, शेख सफी, जहीम खान, इरफान, जलील खान, अरमान, बाबू खान, जाहिद खान, फिरोज, हैदर, अकमल, साहिदा बेगम, जैतुन बी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, महिलाएं एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page