
पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास और आपदा प्रबंधन का लेंगे प्रशिक्षण
खैरागढ़। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का 50 सदस्यीय दल बुधवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम के लिए रवाना हुआ। 14 से 18 अक्टूबर तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित शिविर में प्रतिभागियों को पर्वतारोहण, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दल में 24 स्काउट, 22 गाइड, दो स्काउटर और दो गाइडर शामिल हैं। रवाना होने से पहले राज्य मुख्यालय से प्राप्त प्रशिक्षण किट जिला मुख्य आयुक्त भागवतशरण सिंह और जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने वितरित की। भागवतशरण सिंह ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सेवाभाव विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें विषम परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। इस अवसर पर प्राचार्यद्वय डॉ.कमलेश्वर सिंह, सुनील गुनी, जिला सचिव केके वर्मा, सरस्वती बंते, इंदिरा चंद्रवंशी, पूर्णिमा नेताम, शरद नेताम, जितेंद्र वर्मा, सहायक संचालक मनोहर चंदेल, सामाजसेवी मंगल सारथी सहित शिक्षक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
