KCG

खैरागढ़ में बर्थ डे पार्क के उन्नयन के लिए सेवाभावियों ने किया श्रमदान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर के अमलीपारा स्थित कृषि उपज मंडी परिसर के सामने आमनेर नदी तट पर बने बर्थ डे पार्क के उन्नयन के लिए सेवाभावी नागरिकों ने सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता और सौंदर्य संवर्धन का संदेश दिया। “मेरा शहर साफ हो, जिसमें सबका साथ हो” के प्रेरक संदेश के साथ चलाए गए इस अभियान में नागरिकों ने पार्क परिसर की साफ-सफाई, व्यवस्था सुधार और हरियाली बढ़ाने के लिए श्रमदान किया।
अभियान के दौरान पार्क परिसर की सफाई की गई तथा पौधारोपण अभियान को गति देने के लिए उबड़-खाबड़ भूमि के समतलीकरण की दिशा में पहल की गई। इसके लिए नागरिकों से मिट्टी दान करने की अपील भी की गई है। अभियान से जुड़े अनुराग शांति तुरे और लंबे समय से सेवा कार्यों में सक्रिय गोविंद सोनी ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से बर्थ डे पार्क के उन्नयन के लिए मिट्टी दान कर सहयोग देने का आह्वान किया है।
इस श्रमदान अभियान में शमशुल होदा खान, वरिष्ठ पार्षद रूपेंद्र रजक, नीलम सिंह राजपूत, रूपेश कुमार देवांगन, गोविंद सोनी, अमीन खान, राजू यादव, संजय वालेचा, वैभव सोनी और अनुराग शांति तुरे सहित कई सेवाभावी नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
सेवाभावियों ने कहा कि यह पहल केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं है बल्कि समाज में जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी देती है। जब जागरूक नागरिक आगे आकर ऐसे कार्य करते हैं तो शहर की तस्वीर बदलने लगती है। नागरिकों ने “हमर खैरागढ़ – आत्मनिर्भर खैरागढ़” के संकल्प के साथ ऐसे प्रयासों को आगे भी जारी रखने की बात कही और लोगों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page